- wp
- affiliates

पलाम, जासं। टाना भगतों के प्रदर्शन के कारण रेल यातायात बाधित होने से प्रभावित नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों को बस से रांची भेजा गया है। इसके अलावा कई टैक्सियों का भी इंतजाम किया गया है। डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन परिसर से स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों को लेकर 15 बसें रांची के लिए रवाना हो गईं है। 52 सीटर हर एक बस पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए 28-28 यात्री रवाना हुए हैं। डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर पुलिसकर्मियों ने यात्रियों का सामान उठाने में मदद की। कुल 400 से अधिक सवारियों को रांची भेजा गया है।
टाना भगतों के आंदोलन के कारण नई दिल्ली-रांची राजधानी ट्रेन सुबह 6.40 बजे से डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। लातेहार जिला के टोरी रेलवे स्टेशन के समीप टाना भगतों ने अप और डाउन रेल पटरियों को बुधवार की शाम 5:30 से ही जाम कर दिया है। इसे लेकर रेल परिचालन पूरी तरह से बाधित है। 8 से 10 मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी है। अब भी टाना भगतों का समूह रेल पटरी पर बैठा हुआ है। स्थानीय रेल अधिकारी मौके पर पहुँच कर रेल यात्रियों की सहायता कर रहे हैं। बता दें कि यह राजधानी स्पेशल ट्रेन है, जिसे कोरोना को लेकर जारी लॉकडॉउन में चलाया जा रहा है।